पंजाब नेशनल बैंक में हुए 11360 करोड़ रुपए के फ्रॉड ट्रांजैक्शन का मामला अब सियासी रूप लेता जा रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर नीरव मोदी मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने दावा किया है कि नीरव मोदी को पीएम मोदी के साथ दावोस में देखा गया था.
राहुल ने लिखा कि भारत को लूटने का तरीका नीरव मोदी ने समझाया है. सबसे पहले नरेंद्र मोदी को गले मिलो, दावोस में पीएम मोदी के साथ भी दिखो. राहुल ने लिखा कि देश के 12000 करोड़ रुपए चुराओ और विजय माल्या की तरह देश से पैसे लेकर भाग जाओ.
कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस दौरान सरकार सिर्फ मुंह देखती रह गई. राहुल ने अपने ट्वीट में एक हैशटैग का इस्तेमाल किया जिसमें लिखा है #From1MODI2another यानी एक मोदी से दूसरे मोदी तक की कहानी.