कर्नाटक चुनाव की घोषणा से पहले ही बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख मालवीय के ट्वीट को लेकर घमासान मचा हुआ है. इस संबंध में BJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व में चुनाव आयोग से मिलकर अपनी स्थिति स्पष्ट की.
इस प्रतिनिधिमंडल में BJP के महामंत्री भूपेंद्र यादव और बीजेपी के प्रवक्ता अनिल बलूनी भी शामिल थे. चुनाव आयोग में अपनी सफाई देने के बाद केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पत्रकारों से बातचीत की. नकवी ने कहा कि मालवीय के ट्वीट से चुनाव आयोग को लेकर कई तरह के भ्रम पैदा हुए.
उसके बारे में हमने चुनाव आयोग को स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की गरिमा, चुनाव आयोग का सम्मान, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता हमारे लिए महत्वपूर्ण है. उस पर किसी भी तरह से ना तो हमला किया जाना चाहिए और ना ही गरिमा को नुकसान पहुंचना चाहिए.