एससी एसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ खिलाफ आज बुलाए गए दलित संगठनों के भारत बंद में जमकर हिंसा देखने को मिली. हिंसा का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि मध्य प्रदेश में 6 लोगों की मौत हो गई है. जबकि राजस्थान में 1 और उत्तर प्रदेश में 1 व्यक्ति की जान चली गई.
यूपी से भी बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी की तस्वीरें आई हैं. मुजफ्फरनगर में पुलिस थाना तो मेरठ में एक पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया. हिंसा की आंच दिल्ली तक भी पहुंची है. इस बीच सरकार ने आज SC/ST एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दाखिल की है.
बता दें कि 20 मार्च को कोर्ट ने SC/ST एक्ट के तहत तुरंत गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी और गिरफ्तारी के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी की मंजूरी ज़रूरी कर दी थी. विपक्ष का आरोप है कि दलितों के इस मुद्दे पर सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही. जबकि सरकार ने दावा किया है कि वो दलितों से नाइंसाफी नहीं होने देगी.