पीएम मोदी ने कर्नाटक में की रैली, कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

962

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों कर्नाटक में हैं और बीजेपी के लिए ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां कर रहे हैं. मोदी ने रविवार को चित्रदुर्गा, रायचूर और जमखंडी में जनसभा को संबोधित किया. फिलहाल वो हुबली में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं. इन रैलियों में उन्होंने कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के हुबली में चुनावी जनसभा को संबोधित रहे हैं.कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि क्या अब कोई कह नहीं सकता है कि कांग्रेस पार्टी बचने वाली है. उन्होंने कहा कि देश की जनता को जहां मौका मिलता हैं, वहां वो सजा देने से नहीं चूकती है. इस दौरान पीएम मोदी ने शहीद हनुमनथप्पा को भी याद किया.

उन्होंने कहा, ''मैं सबसे पहले इसी धरती के शहीद वीर जवान हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि देता हूं. यह वीर सियाचीन में छह दिन तक बर्फ के नीचे दबा मौत से युद्ध लड़ता रहा. उनको बाद में बर्फ से निकाला गया. 

मैं खुद अस्पताल में उनसे मिलने गया. उनको बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए.'' उन्होंने कहा कि हुबली के लोग ऐसे ही वीर हैं. इस पर हिंदुस्तान के लोग गर्व करते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल करती है.

उन्होंने कहा कि 15 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे. सबको पता है कि नतीजे क्या आएंगे. अगर कांग्रेस के नेता को यह हजम नहीं हो रहा है, तो मैं कहूंगा कि धारवाड़ का पेड़ा खा लीजिए, क्योंकि यह एक भारत श्रेष्ठ भारत का उदाहरण हैं. वर्षों पहले उन्नाव से एक परिवार आया था और धारवाड़ में पेड़ा बनाने की शुरुआत की थी. आज पूरा हिंदुस्तान धारवाड़ का पेड़ा जानता है.

इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा को कोर्ट ने बरी कर दिया है, लेकिन कांग्रेस के नेता अनर्गल आरोप लगाने से बाज नहीं आते हैं.

उन्होंने कहा, ''मैं मर्यादा तोड़ना नहीं चाहता हूं, लेकिन जब आप सीमाएं तोड़ रहे हैं, तो कांग्रेस के नेताओं से पूछ रहा हूं कि जरा बताइए कि क्या कांग्रेस की नेता मां और उनका बेटा जमानता पर बाहर हैं? आपको जमानत क्यों लेनी पड़ी?'' मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस के प्रमुख जमानत पर छूटे हों, वो हमसे सवाल पूछ रहे हैं

Add comment


Security code
Refresh