
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि 11 महीने में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ है. होली और जुमा (शुक्रवार) एक ही दिन पड़ा तो हमने जुमे को दो घंटे आगे बढ़ा दिया, और कहा कि पहले होली मनाए.
यूपी सीएम योगी ने कहा कि हमने सभी पुलिस लाइन और थानों में हमने जन्माष्टमी मनाना शुरू किया. उन्होंने कहा कि जब एक पत्रकार ने हमसे पूछा कि आपने दीवाली अयोध्या और होली मथुरा में मनाई तो ईद कहां मनाएंगे.
योगी बोले कि मैंने साफ कहा कि मैं हिंदू हूं, ईद नहीं मनाता और इसका मुझे गर्व है. लेकिन शांतिपूर्वक ईद मनाने के लिए सरकार सदैव काम करती रहेगी. योगी ने कहा कि घर मे जनेऊ पहनकर बैठेंगे और बाहर निकलेंगे टोपी लगा लेंगे.
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि सपा को अपनी तोड़क नीति अपने पार्टी तक ही सीमित रखनी चाहिए, प्रदेश और देश को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा तो दंडकारी नीति से निपटेंगे. इस दौरान विपक्ष ने जमकर हंगामा किया.
हंगामे के दौरान योगी ने कहा कि इस पार्टी के समाजवाद से सबसे ज्यादा राम मनोहर लोहिया की आत्मा आहत हो रही होगी. समाजवादी पार्टी और बसपा के गठबंधन पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि अब इनकी पार्टी 'बहुजन समाजवादी पार्टी' बन गई है.
राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब देते हुए योगी ने अपनी पार्टी की उपलब्धि भी गिनवाई. उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने अब नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में सरकार भाजपा ने बनाई है, कांग्रेस की ओर संबोधित करके कहा वह लोग हमें सीखा रहे है जबकि आपका खाता भी नहीं खुला है.
सपा पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि 2016-17 अखिलेश सरकार ने एक भी गरीब को घर नहीं दिया, लेकिन हमारी सरकार ने पिछले 11 महीनों में 8 लाख 85 हजार मकान गरीबों को दिए हैं. अपने संबोधन में योगी ने सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया.
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 65 लाख बिजली कनेक्शन दिया, 34 लाख शौचालय उपलब्ध कराए. हाल ही में हुए निवेश समिट के बारे में उन्होंने कहा कि 4 लाख 67 हजार के निवेश का प्रस्ताव आया है, अगर सपा-बसपा की दोनों सरकार को मिला दिया जाए फिर भी इतना नहीं आया होगा.