त्रिपुरा में चला मोदी जादू, 25 साल बाद लेफ्ट को हराकर बीजेपी सत्ता पर विराजमान

770

पूर्वोत्तर के तीन राज्य मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों की तस्वीर अब साफ हो गई है. त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी ने लेफ्ट के 25 साल के किले को ध्वस्त कर दिया है. रुझानों में बीजेपी को दो तिहाई बहुमत मिल रहा है. वहीं नगालैंड में भी बीजेपी कड़ी टक्कर दे रही है. मेघालय में कांग्रेस और एनपीपी में कड़ी टक्कर चल रही है.

आप को बता दे कि त्रिपुरा में बीजेपी ने काफी आक्रामक रुख में प्रचार किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य में कई रैलियों को संबोधित किया. रैली के दौरान उनके निशाने पर सीधे माणिक सरकार थे.

रैली में मोदी ने समझाया था कि त्रिपुरा को अब माणिक नहीं बल्कि हीरा की जरूरत है. उन्होंने HIRA का मतलब भी बताया. मोदी ने कहा कि H मतलब हाइवे, I मतलब आई-वे (I-way), R मतलब रोड, A मतलब एयरवे त्रिपुरा की जरूरत है.

त्रिपुरा के बीजेपी अध्यक्ष बिप्लब कुमार देव ने जीत के बाद कहा कि वामपंथी पार्टियां पहले जोर-आजमाइश से सरकार बनाती थी, कार्यकर्ता जीत मनाएं लेकिन काम भी शुरू कर दें. माणिक सरकार ने इस राज्य को अपने पैरों पर खड़े नहीं होने दिया.  उन्होंने कहा कि हमारा सबसे पहला काम राज्य में गवर्नेंस देना है, अब राज्य में कानून व्यवस्था का शासन होगा.

वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि प्रचार के दौरान हमारा फोकस विकास पर ही रहा. नॉर्थ ईस्ट के लोगों को पहले लगता था कि दिल्ली बहुत दूर है, लेकिन हमारी सरकार ने नॉर्थ ईस्ट के लोगों के लिए काम किया.

उन्होंने कहा कि प्रचार में विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाया. प्रचार में कहा गया कि बीजेपी हिंदू पार्टी है और ईसाईयों के खिलाफ है. झूठी बातों से बीजेपी पर कोई असर नहीं पड़ा.

रिजिजू बोले कि हम पहले ही असम, मणिपुर और अरुणाचल में सरकार बना चुके हैं. और अब नगालैंड और त्रिपुरा में भी पार्टी सरकार बना रही है, जिससे यह संदेश जाता है कि बीजेपी सिर्फ उत्तर भारत की पार्टी नहीं है बल्कि पूरे देश की पार्टी है.

बीजेपी नेता राम माधव ने कहा कि त्रिपुरा में हम सरकार बनाने की स्थिति में हैं. नगालैंड में भी हम अच्छी स्थिति में है. राम माधव ने बताया कि हेमंत शर्मा मेघालय के लिए रवाना हो गए हैं. हमारी कोशिश रहेगी कि हम तीनों राज्य में सरकार बनाने की कोशिश करेंगे. 

Add comment


Security code
Refresh