
डोकलाम विवाद अभी शांति ही हुआ था कि चीन ने अपना रंग दिखा दिया. उसने एक बार फिर से भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश की तरफ से घुसपैठ करने की हिमाकत की है.
चीन का सड़क निर्माण दल भारत के अरुणाचल प्रदेश के तूतिंग क्षेत्र में करीब एक किलोमीटर अंदर तक आ गया. हालांकि जब भारतीय सैनिकों ने खदेड़ा, तो यह चीनी सैनिकों का दल अपने उपकरण छोड़कर भाग गया. यह घटना 28 दिसंबर की है. लेकिन सरकार ने इस बात की जानकारी बुधवार को दी है.
बुधवार को सरकारी सूत्रों ने बताया कि यह चीनी असैन्य दल मार्ग गतिविधियों के लिए आया था. लेकिन भारतीय सैनिकों के कड़े विरोध के बाद वापस लौट गया.
चीनी दल अपने साथ खुदाई करने वाले उपकरण सहित सड़क बनाने में काम आने वाले कई उपकरण भी लेकर आया था. जिसको वो वापस लौटते समय छोड़ गया.
भारतीय सुरक्षा बलों ने चीनी दल के सड़क बनाने के उपकरणों को भी जब्त कर लिया है. अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक चीनी दल में सैनिकों के साथ असैन्य कर्मचारी भी थे.
इससे करीब चार महीने पहले सिक्किम सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच डोकलाम गतिरोधखत्म हुआ था. सूत्रों ने बताया कि 28 दिसंबर को तूतिंग क्षेत्र में भारतीय सीमा प्रहरियों ने भारतीय क्षेत्र में एक किलोमीटर अंदर चीनी दल को सड़क बनाने से जुड़ा काम करते देखा.
सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोई टकराव नहीं हुआ और इस मुद्दे को स्थापित प्रणाली के माध्यम से सुलझाया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार सड़क बनाने में काम आने वाले उपकरण वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार भारतीय क्षेत्र में पड़े हैं.
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक तूतिंग उपसंभाग में बिसिंग गांव के समीप चीनी सैनिक सड़क निर्माण काम में लगे हुए थे और इस पर भारतीय जवानों ने उन्हें रोका. भारतीय जवानों ने उनके उपकरण भी जब्त कर लिए है.