आरजेडी नेता रघुवंश का आरोप, कोर्ट ने बीजेपी के इशारे पर लालू यादव को जेल भेजा

0059

 

चारा घोटाले के एक मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत के द्वारा लालू प्रसाद यादव को दोषी ठहराए जाने के बाद आरजेडी 
नेताओं की तरफ से ऐसे कई बयान सामने आए हैं.

जिनमें कि न्यायालय की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए गए हैं. इसको लेकर ताजा बयान पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिया है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है.

रघुवंश प्रसाद सिंह ने गुरुवार को यह आरोप लगाया कि रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने लालू के खिलाफ वही फैसला दिया, जैसा कि उसको भाजपा और जडीयू की तरफ से निर्देश दिया गया था.

आगे बोलते हुए रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि चारा घोटाले मामले में लालू पर कोर्ट क्या फैसला देने वाली है. यह पहले से ही भाजपा और जडीयू के नेताओं को लीक दिया गया था.

रघुवंश ने कहा कि भाजपा और जडीयू के प्रवक्ता जो भी भविष्यवाणी कर रहे हैं वह सच साबित हो रहा है, चाहे वह लालू के खिलाफ सीबीआई की छापेमारी हो या फिर भ्रष्टाचार के मामलों में आयकर विभाग में प्रवर्तन निदेशालय की जांच या फिर लालू पर कोर्ट का फैसला हो.

रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी जल्द ही पूरे  बिहार में न्याय रथ रवाना करेगी और जनता के बीच में जाकर लालू के लिए न्याय की गुहार लगाएगी. 

रघुवंश ने कहा कि न्याय रथ के जरिए उनकी पार्टी राज्यभर में लालू को चारा घोटाले में दोषी ठहराए जाने का विरोध करेगी. उन्होंने कहा कि लालू हमेशा सही गरीबों की आवाज रहे हैं और इसीलिए जनता के बीच में ही जाकर लालू के लिए अब इंसाफ मांगा जाएगा. 

Add comment


Security code
Refresh