दिल्ली में मुख्य सचिव से मारपीट और बदसलूकी के मामले में दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिवल लाइंस स्थित घर पहुंच चुकी है. केजरीवाल से पूछताछ के लिए उनके घर पहुंची पुलिस टीम में 4-5 इंस्पेक्टर हैं.
इसके अलावा केजरीवाल के घर पहुंची पुलिस टीम में एक ACP भी मौजूद हैं. केजरीवाल से होने वाली पूछताछ की पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी. बता दें कि केजरीवाल द्वारा दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ हुए मारपीट मामले की जांच में शामिल होने के लिए सहमति देने के बाद पुलिस उनके घर पहूंची है.
केजरीवाल ने खुद पूछताछ की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की बात कही थी. उन्होंने यह भी कहा था कि यदि पुलिस को उनके द्वारा रिकॉर्डिंग किए जाने से आपत्ति है, तो पुलिस खुद इस प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कर सकती है. पूछताछ समाप्त होने के बाद पुलिस पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग केजरीवाल को उपलब्ध करा देगी.