लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव का तेवर राष्ट्रीय जनता दल के स्थापना दिवस के अवसर पर एक बार फिर से देखने को मिला है. गुरुवार को उन्होंने खुद को पार्टी का सबसे सीनियर लीडर बताया. उनके इस बयान ने राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत कई नेताओं को भी छोटा बना दिया है.
जब 22 साल पहले लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी, तब तेजप्रताप यादव महज सात साल के थे. गुरुवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी के तथाकथित असामाजिक तत्वों को एक बार फिर सीमा में रहने की चेतावनी भी दी. इस मौके पर वे प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे पर निशाना साधने से भी नहीं चूके.