देश की व्यावसायिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है. मुंबई में आसमान से बरस रही आफत ने लोकल पर ब्रेक लगा दिया है. ट्रैक पर पानी भरने की वजह से लोकल सेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई है. यही नहीं कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं तो कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है. सिर्फ रेल सेवा नहीं विमान सेवा भी प्रभावित हुई है. फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है, जबकि कई विमान देरी से चल रहे हैं. खराब मौसम के चलते कई एयरलाइन ने एहतियातन अपनी फ्लाइट्स को कैंसिल किया है. रनवे पर फिसलन होने के चलते विमानों की लैंडिंग में भी परेशानी आ रही है.
दरअसल, मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने हाल बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग ने हाई टाइड की चेतावनी जारी कर दी है. जुहू बीच पर तेज लहरों से दूर रहने की सलाह जारी की गई है, जो बीच सैलानियों और मुंबई वासियों से खचाखच भरा रहता था वो अब सूनसान नजर आ रहा है. मछुआरों को भी समुद्र से दूर रहने की एडवाइज़री जारी कर दी गई है. जाहिर है मुंबई में लगातार बरस रहे पानी से वहां के इलाकों में तस्वीर डरा देने वाली है.