राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राकेश सिन्हा, सोनल मानसिंह, रघुनाथ महापात्र और राम शकल सिंह को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है. संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए और प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने इन चार लोगों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है.
53 साल के राकेश सिन्हा संघ के विचारक हैं और मीडिया तथा सोशल मीडिया मंचों पर प्रखरता के साथ बीजेपी और संघ का पक्ष रखने के लिए जाने जाते हैं. राकेश सिन्हा दिल्ली स्थित विचार समूह ‘इंडिया पालिसी फाउंडेशन के संस्थापक और मानद निदेशक हैं. वे दिल्ली विश्वविद्यालय में मोतीलाल नेहरू कॉलेज में प्रोफेसर और भारतीय सामाजिक विज्ञान शोध संस्थान के सदस्य हैं. वे नियमित रूप से समाचारपत्रों में आलेख लिखते हैं.