बीजेपी ममता बनर्जी के दुर्ग पश्चिम बंगाल में कमल खिलाने की कवायद में जुटी हुई है. नए क्षेत्रों में संभावना तलाशने की रणनीति के तहत बीजेपी बंगाल पर खास फोकस कर रही है. राज्य के लोगों से संवाद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं. पीएम ने किसान रैली के जरिए 2019 चुनावी अभियान की शुरुआत राज्य से किया.
मोदी ने ये रैली जंगलमहल के आदिवासी इलाके में की. उन्होंने खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोत्तरी के जरिए किसानों को साधने की कोशिश की. मोदी के निशाने पर ममता बनर्जी रही. बता दें कि 2014 के बाद से राज्य में बीजेपी का ग्राफ लगातार तेजी से बढ़ा है. लेफ्ट और कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए बीजेपी मुख्य विपक्षी दल बन चुकी. और यह कांग्रेस-लेफ्ट से ज्यादा टीएमसी के लिए चिंता की बात है.