भारत और रूस के बीच बहुप्रतिक्षित S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम डील पर हस्ताक्षर हो गए हैं. इस डील के तहत भारत रूस से एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के 5 सेट खरीदेगा. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय वार्ता के बाद नई दिल्ली में इस डील पर हस्ताक्षर किए गए. भारत और रूस के बीच कुल 8 समझौते हुए हैं.
साझा प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम एक ऐसे देश के राष्ट्रपति के रूप में आपका स्वागत कर रहे हैं जिसके साथ हमारे अद्भुत संबंध हैं. पुतिन द्वारा सोची (SOCHI SUMMIT) में आयोजित सम्मेलन से दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत हुए.