दिवाली से पहले दिल्ली में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है. राष्ट्रीय राजधानी में इसपर लगाम लगाने के लिए तमाम कदम उठाए गए हैं और पराली जलाने के मामलों में भी थोड़ी कमी आई है. इसकी वजह से प्रदूषण थोड़ा कम तो हुआ लेकिन अधिकारियों ने अगले सप्ताह से हवा की गुणवत्ता गंभीर रूप से खराब होने की चेतावनी दी है.
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 370 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में आता है. पीएम 2.5 का स्तर 228 दर्ज किया गया. यह कण पीएम 10 से भी छोटे होते हैं और स्वास्थ्य को ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. आंकड़े के अनुसार, दिल्ली में चार इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर है जबकि 29 इलाकों में ‘बेहद खराब’ दर्ज की गई है.
केन्द्र द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (एसएएफएआर) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पीएम 10 का स्तर 334 बना हुआ है. एसएएफएआर का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक अगले तीन दिन तक ‘बेहद खराब’ की श्रेणी में बना रहेगा.