UN के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान का निधन, PM मोदी ने जताया दुख

321

संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान का शनिवार को निधन हो गया है. पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे अन्नान 80 साल के थे. नोबेल पुरस्कार विजेता कोफी अन्नान के फाउंडेशन ने उनके देहांत की खबर दी.

फाउंडेशन ने एक बयान में कहा, 'बड़े दुख के साथ अन्नान परिवार और कोफी अन्नान फाउंडेशन यह घोषणा करते हैं कि संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कोफी अन्नान का संक्षिप्त बीमारी के बाद शनिवार 18 अगस्त को स्विट्जरलैंड में निधन हो गया है.'

घाना के कुमसी में आठ अप्रैल 1938 को जन्मे कोफी अन्नान जनवरी 1997 से दिसंबर 2006 तक संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद पर काबिज रहे. उन्होंने एक राजनयिक के रूप में अपने कॅरियर की शुरुआत की थी. उनको साल 2001 में शांति के नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था.

कोफी अन्नान के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट किया, 'हम नोबेल पुरस्कार विजेता और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान के निधन पर गहरा दुख जताते हैं. कोफी अन्नान के रूप में दुनिया ने एक महान अफ्रीकी राजनयिक और मानवतावादी को ही नहीं खो दिया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के हिमायती को भी खो दिया.'

पीएम मोदी ने कहा कि कोफी अन्नान को मिलेनीयम डेवलपमेंट गोल्स (MDGs) में अहम योगदान देने के लिए हमेशा याद किया जाएगा. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदना उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.

दिल्ली सरकार के मोहल्ला क्लीनिक की तारीफ कर चुके हैं अन्नान

द एल्डर्स के चेयरमैन कोफी अन्नान दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार के मोहल्ला क्लीनिक योजना की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर सूचित किया था कि द एल्डर्स का एक प्रतिनि‌धिमंडल आगामी पांच से आठ सितंबर के बीच दिल्ली का दौरा करेगा. यह प्र‌तिनिधिमंडल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ मोहल्ला क्लीनिक के मॉडल की खूबियों को देखेगा.

इस प्रति‌निधिमंडल में द एल्डर्स के ‌डिप्टी चेयरमैन ग्रो हारनेन ब्रुटलेंड और संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व महासचिव बान की मून भी शामिल होंगे. उनके इस प्रस्तावित दौरे से पहले द एल्डर्स की एक टीम जुलाई में दिल्ली का दौरा कर आगे की प्लानिंग का ब्योरा लेगी.