
पश्चिम बंगाल सरकार ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रैली को इजाजत दे दी है. तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. टीएमसी सांसद का यह ट्वीट बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के उस बयान के बाद सामने आया है,
जिसमें उन्होंने कहा कि ममता सरकार रैली की इजाजत दे या न दे, लेकिन वो पश्चिम बंगाल का दौरा जरूर करेंगे. अगर ममता बनर्जी को उनको गिरफ्तार करना है, तो वो कर सकती हैं.
दरअसल, नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन (NRC) के मुद्दे को लेकर मचे बवाल के बीच अमित शाह 11 अगस्त को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे. शाह वहां रैली को भी संबोधित करेंगे. वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी NRC का विरोध कर रही हैं. इसकी वजह यह है कि इस सूची में 40 लाख लोगों का नाम नहीं है. इनमें से अधिकतर लोग बांग्लादेशी बताए जा रहे हैं.
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट किया, 'बीजेपी और इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नर्वस और तनाव में हैं. तीन अगस्त को होने वाले उनके कार्यक्रम को फौरन इजाजत दे दी गई थी. अब 11 अगस्त के कार्यक्रम के लिए सिर्फ एक खत भेजा गया और अनुमति दे दी गई. शांति और सौहार्द की धरती पर यात्रा मंगलमय हो. बंगला प्रेम.....आपका पड़ोसी.'
वहीं, डेरेक ओ ब्रायन पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह नर्वस नहीं है, बल्कि टीएमसी नर्वस है. बीजेपी को मिल रहे समर्थन से टीएमसी डर गई है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने रैली की इजाजत देकर कोई एहसान नहीं किया है. ऐसा लोकतंत्र में देने की बाध्यता है.
मालूम हो कि तीन अगस्त को कोलकाता में बीजेपी की रैली है. इसके बाद 11 अगस्त को अमित शाह की रैली है. बीजेपी युवा मोर्चा का दावा है कि वो दो लाख लोगों को अमित शाह का संदेश सुनने के लिए इकट्ठा करेगा.
अमित शाह पहले तीन अगस्त को आने वाले थे, लेकिन बाद में बदलाव करके 11 अगस्त को कार्यक्रम फिक्स किया गया है. शाह की रैली के लिए बीजेपी युवा मोर्चा को दो लाख लोगों को एकत्रित करने का लक्ष्य दिया गया है. बीजेपी अमित शाह का मिशन बंगाल के लिए इस रैली के जरिए माहौल बनाना चाहते हैं.