
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में तीसरी बार शपथ लेने के साथ ही येदियुरप्पा ने किसानों की कर्जमाफी का ऐलान किया है. हालांकि इस संबंध में एक-दो दिन में औपचारिक घोषणा की जाएगी. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद येदियुरप्पा ने कहा कि अपने वादे के मुताबिक मैं किसानों के कर्जमाफी का ऐलान करता हूं.
बहुमत साबित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इस बारे में 100 फीसदी आश्वस्त हूं कि बहुमत साबित करने में हम सफल रहेंगे.
बीजेपी नेता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष का शुक्रगुजार हूं कि ये जिम्मेदारी मुझे दी गई है. मैं राज्य के किसानों और एससी-एसटी का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे चुना है, मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि मैं उनसे किए सभी वादे को पूरा करूंगा.
येदियुरप्पा ने कहा, "मैं सभी 224 विधायकों के समर्थन की अपील करता हूं, मुझे उम्मीद है कि वह अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर मेरा समर्थन करेंगे. मुझे भरोसा है कि मैं विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त करूंगा और अगले 5 साल तक राज्य की सरकार का नेतृत्व करूंगा.
कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव में BJP सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर सामने आई. दूसरे नंबर पर कांग्रेस रही, जबकि JDS तीसरे नंबर पर आई. राज्य में 222 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में BJP को 104, कांग्रेस को 78, JDS+ को 38 और अन्य को दो सीटों पर सफलता मिली थी. BJP नेता बीएस येदियुरप्पा ने मतगणना से पहले ही कहा था कि राज्य में BJP की सरकार बनेगी, और वह 17 मई को शपथ लेंगे. येदियुरप्पा की यह बात सही साबित हुई और बृहस्पतिवार सुबह उन्होंने कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.
शपथ से एक दिन पहले 16 मई की रात को BJP ने ट्वीट कर येदियुरप्पा के CM के तौर पर शपथ लेने की जानकारी दी थी. उसके बाद कांग्रेस और JDS सुप्रीम कोर्ट चले गए थे. रात में ही कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने शपथग्रहण पर रोक लगाने से इंकार कर दिया. फिलहाल बीएस येदियुरप्पा ने अकेले शपथ ली है.