
कुदरत की विनाशलीला ने उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहराम मचा दिया है. उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार देर शाम आंधी-तूफान और बारिश ने जमकर कहर बरपाया. देश में आंधी-तूफान के कारण मौत का आंकड़ा बढ़ गया है. अभी तक पूरे देश में 62 लोगों की मौत हो गई है, इसके अलावा कई लोग घायल हुए हैं. अकेले उत्तर प्रदेश में मौत का आंकड़ा 38 पहुंच गया है. मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन के लिए अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश में तूफान से मरने वालों की संख्या 38 पहुंची. पूरे देश में मौत का आंकड़ा 62 पहुंचा. उत्तर प्रदेश में मौत का आंकड़ा इस प्रकार है.

अगले चार दिनों में भी मौसम करवट बदल सकता है. मौसम विभाग की तरफ से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और ओडिशा में तेज बारिश और तूफान की संभावना है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, तेलंगाना में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को अपने जिले में रहने के निर्देश दिए हैं. योगी ने सभी को राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है. सभी जिलाधिकारियों को लखनऊ में बाढ़ बचाव संबंधित बैठक के लिए आना था, जिसके बाद योगी ने लखनऊ आने से मना किया है. योगी ने आदेश दिया है कि अगर कहीं पर भी आपदा आती है तो 24 घंटे के भीतर मदद मुहैया कराई जाए.
यही नहीं, उत्तर प्रदेश में संभल के राजपुरा में बिजली गिरने के चलते आग ने घरों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते 100 घर जलकर राख हो गए. रविवार को यूपी के फिरोजाबाद में आंधी-तूफान के साथ-साथ तेज बारिश और ओले भी गिरे. खराब मौसम को देखते हुए अलीगढ़ में 12वीं तक के सभी स्कूलों को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया.