अखिलेश यादव ने पूरी की मायावती की मांग, 9 विश्वस्त MLA की सूची सौंपी

35

उत्तर प्रदेश में 10 सीटों के लिए कल होने वाले राज्यसभा चुनाव में 11 उम्मीदवार मैदान में हैं. सूबे के मौजूदा विधायकों की संख्या के लिहाज से बीजेपी के 8 और सपा के एक सदस्य की जीत तय है. बीजेपी के 9वें उम्मीदवार अनिल अग्रवाल और बीएसपी के इकलौते प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर के बीच कांटे का मुकाबला है.

ऐसे में बसपा सुप्रीमो मायावती ने सपा के उन 9 विधायकों की लिस्ट मांगी है, जो प्रथम वरीयता में बीएसपी उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर के लिए वोट करेंगे. मायावती की इस मांग को कुछ ही देर में सपा ने पूरी भी कर दी है. सपा ने 9 विधायकों की लिस्ट बसपा को सौंप दी है, जो वरीयता से भीमराव अंबेडकर के लिए वोट देंगे.

अनिल अग्रवाल बनाम भीमराव अंबेडकर के मुकाबले में जीत के लिए सत्ताधारी बीजेपी और विपक्ष एक-एक वोट का गणित लगा रहे हैं. राज्यसभा चुनाव में विधायकों की क्रॉस वोटिंग का डर भी है. यही वजह है कि बसपा अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी से अपने प्रत्याशी के लिए 9 विश्वस्त विधायकों की सूची जारी करने को कहा है. जो बीएसपी उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के आधार पर वोट करेंगे.

मायावती की ये मांग अगर अखिलेश मानते हैं तो समाजवादी पार्टी की घोषित प्रत्याशी जया बच्चन की जीत में परेशानी हो सकती है. बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने अपने इकलौते राज्यसभा उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर को जिताने के लिए आज अपने विधायकों की बैठक बुलाई है. सूत्रों की मानें तो बीसएपी को पार्टी में सेंधमारी की आशंका है, इसलिए एक-एक विधायक से मायावती खुद मिलेंगी और उनके मूड को समझेंगी.

बीएसपी के पास 19 विधायक हैं. इसी तरह से बीएसपी प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर की जीत का सारा दारोमदार विपक्ष के ऊपर निर्भर करता है. जबकि सपा, कांग्रेस और आरएलडी ने बीएसपी उम्मीदवार को राज्यसभा चुनाव में समर्थन देने का ऐलान किया है. लेकिन मायावती अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर संतुष्ट होना चाहती हैं इसीलिए उन्होंने सपा के सामने शर्त रखी है.