
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ है. इस हमले में सीआरपीएफ के 9 जवान शहीद हुए हैं. ये हमला सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में हुआ है. ये ब्लास्ट लैंडमाइन के जरिए किया गया है.
इस दौरान नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ भी हुई है, जिसमें 25 जवान घायल हुए हैं. इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल जवानों को इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है.
नक्सलियों ने IED प्रूफ व्हीकल को ब्लास्ट कर उड़ाया है. आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सोमवार को ही नक्सली प्रभावित इलाकों का मोटरसाइकिल के जरिए दौरा किया था. डीजी सीआरएफ ने गृह मंत्रालय को इस हमले की जानकारी दे दी है.
आप को बता दे कि डीजी सीआरपीएफ आज ही घटना स्थल पर जाएंगे. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी हमले के बाद दुख व्यक्त किया है. उन्होंने हमले के बाद सीआरपीएफ के डीजी से बात की है.
दरअसल, तेलंगाना बॉर्डर पर नक्सलियों के कुछ बड़े कमांडर मारे गए थे. जिसके बाद नक्सलियों ने ये हमला किया है. जिसके बाद कोबरा कमांडोज़ ने नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया. लेकिन दोपहर को करीब 100 से 150 नक्सलियों ने सीआरपीएफ के वाहन पर हमला कर दिया.
आप को बता दे कि अभी कुछ ही समय पहले सुकमा के भेज्जी थाना क्षेत्र के एलारमडुगु और वीरभट्टी जैसे गांवों से आए 29 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था. इनमें 11 महिलाएं भी शामिल थीं. ये वही गांव हैं जहां 18 फरवरी को 20 नक्सलियों को मार गिराया गया था. इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद भी हुए थे. इन नक्सलियों में कई खूंखार नक्सली भी शामिल हैं. ये लोग कई प्रकार की टीम बनाकर काम कर रहे थे.
आपको बता दें कि लगभग ठीक एक साल पहले 11 मार्च 2017 को ही नक्सलियों ने बड़ा हमला किया था. उस दौरान बस्तर में सीआरपीएफ की एक पार्टी पर हमला किया गया था, इसमें 11 जवान शहीद हुए थे. नक्सलियों ने जवानों के मोबाइल और हथियार भी लूट लिए थे.