
जिम ट्रेनर जितेंद्र यादव के कथित ‘फर्जी एनकाउंटर’ के मामले की गूंज आज राज्यसभा में भी सुनाई दी समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश अग्रवाल ने इस मामले को उठाया और इस मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाते हुए तत्काल चर्चा कराने की मांग की.
इस पर राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि नोटिस मिल चुका है और इस पर नियम के तहत चर्चा की जाएगी इससे बिफरे समाजवादी पार्टी के सांसदों ने सदन में जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते सदन को 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। वहीं बीजेपी के दिवंगत सांसद हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा का कामकाज दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया.
मालूम हो कि शनिवार रात को नोएडा के सेक्टर-122 में जितेंद्र यादव को दरोगा विजय दर्शन ने गोली मार दी थी. इस मामले में जितेंद्र के परिजनों ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रमोशन पाने के लिए दरोगा ने यह एनकाउंटर करने की कोशिश की थी .
कल पूरे दिन इस मामले पर गहमागहमी रही और फोर्टिस अस्पताल में भी जितेंद्र के परिजनों समेत आसपास के गांवों के तमाम लोग विरोध में जुट गए थे . समाजवादी पार्टी के कई नेता घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे थे . इसके अलावा बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा भी घायल जितेंद्र का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे.
वहीं जिम ट्रेनर को गोली मारने के आरोपी सब इंस्पेक्टर विजय दर्शन शर्मा ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बताया कि उन्हें शराब पीकर कुछ लोगों के हुड़दंग करने की सूचना मिली थी. उस वक्त वे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे. सूचना मिलते ही तीन पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे
वहां पर स्कॉर्पियो में जितेंद्र व अन्य तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे. रोकने पर हाथापाई करने लगे उन्हें डराने के लिए उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली इसी दौरान गोली चल गई वह खुद एक पुलिसकर्मी को उन्हीं की गाड़ी में बैठाकर फोर्टिस अस्पताल लेकर गया .