
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की अगुवाई में राज्य पर भगवा रंग चढ़ाया जा रहा है. स्कूल और बसों के बाद अब योगी सरकार ने लखनऊ स्थित हज हाउस को भगवा रंग में रंग दिया है.
इससे पहले हज हाउस की दीवारें सफेद और हल्की हरे रंग में थीं. लेकिन अब इसकी दीवारों पर गेरुआ रंग चढ़ रहा है. योगी सरकार के इस कदम पर राजनीति शुरू हो गई है.
विपक्षी नेताओं और उलेमाओं ने इस कदम का धुर-विरोध किया है. उनका कहना है कि सरकार इस मामले में भी मजहबी जज्बात कुरेदने में जुटी है. आपको बता दें कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में काफी जगह इस प्रकार का प्रयोग हो चुका है.
भगवा रंग अब सरकारी महकमें के सिर चढ़कर बोल रहा है. सीएम योगी का पसंदीदा रंग अब सरकारी भवनों पर चढ़ने लगा है, लेकिन आश्चर्य ये है कि अब अधिकारी थाने तक को भगवा रंग से रंगने लगे हैं.
राज्य में कहीं पर थाने की बिल्डिंग पर भगवा रंग चढ़ गया है, तो कहीं सब्जी मंडी और गुड़ मंडी को भगवा रंग में रंग दिया गया है.
बिजनौर के अफजलगढ़ थाने को पूरी तरह से भगवा रंग से रंग दिया गया है. मात्र थाने पर लगा पुलिस का बोर्ड ही पुलिस कलर में रह गया है.
वरना पूरी थाने की बिल्डिंग को भगवा रंग से रंग दिया गया है. थाने के अंदर बने एक-एक कमरे को भगवा रंग से सजा दिया गया है. थाने में आने वाले लोग भगवा रंग को देखकर चौंक तो रहे है, साथ ही इस रंग को लेकर तरह-तरह की बातें भी कर रहे हैं.