आज संसद में पेश होगा तीन तलाक पर बिल, कांग्रेस भी दे सकती है साथ

0058

 

बता दे कि संसद में चल रहा गतिरोध अब थम गया है. जिसके बाद अब गुरुवार को सरकार लोकसभा में तीन तलाक पर बिल पेश कर सकती है. इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी किया है. साथ ही बिल को पास कराने में सरकार को विपक्षी पार्टी कांग्रेस का भी साथ मिल सकता है.

जानकारी के मुताबिक कुलभूषण जाधव पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के भाषण के बाद सरकार तीन तलाक वाले बिल को संसद में पेश कर सकती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में संबोधित करते हुए कहा कि तीन तलाक बिल सर्वसम्मति से पास होना चाहिए.

बीजेपी संसदीय दल की बैठक में तीन तलाक बिल पर बोलते हुए कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कानून बनाने को कहा था. हम उसी का पालन कर रहे हैं. उन्होंने इस बिल के बारे में सांसदों को जानकारी दी.

आप को बता दे कि विपक्षी पार्टी कांग्रेस सरकारी बिल का संसद में साथ दे सकती है. पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में बुधवार देर रात कांग्रेसियों ने इस मुद्दे पर बैठक की थी.

सूत्रों के मुताबिक बैठक में तीन तलाक बिल के पक्ष में कांग्रेस दिखी. ऐसे में मुमकिन है कि इस बिल को पास करवाने में केंद्र सरकार को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए.

दरअसल तीन तलाक विधेयक को गृह मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाले अंतर मंत्रीस्तरीय समूह ने तैयार किया है. जिसमें मौखिक, लिखित या एसएमएस या व्हाट्सएप के जरिये किसी भी रूप में तीन तलाक या तलाक-ए-बिद्दत को अवैध करार देने और पति को तीन साल के कारावास की सजा का प्रावधान किया गया है. इस विधेयक को इस महीने ही केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी. 

यह विधेयक पिछले हफ्ते पेश किया जाना था. लेकिन संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने संवाददाताओं से कहा था कि इसे अगले सप्ताह पेश किया जाएगा.

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने इस बिल को महिला विरोधी बताया है. बीते रविवार को लखनऊ में इस संबंध में पर्सनल लॉ बोर्ड की वर्किंग कमेटी की बैठक हुई. 

इस बैठक में तीन तलाक पर प्रस्तावित बिल को लेकर चर्चा की गई. कई घंटों चली बैठक के बाद बोर्ड ने इस बिल को खारिज करने का निर्णय लिया.