
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद से मुख्यमंत्रियों के नाम को लेकर बीजेपी में मंथन जारी है. गुरुवार को भी इसको लेकर बीजेपी में मैराथन बैठकें जारी रहीं. माना जा रहा है कि शुक्रवार यानि आज दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नामों का ऐलान हो सकता है.
जहां एक ओर गुजरात के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा करने के लिए पीएम मोदी ने केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली और अन्य के साथ बैठक की.
वहीं दूसरी ओर हिमाचल के नए मुख्यमंत्री को लेकर शिमला में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक हुई. इस दौरान जयराम ठाकुर के समर्थक नारेबाजी करते नजर आए.
वहां पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के भी समर्थक जुटे रहे. बता दे कि अब जयराम ठाकुर को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का भी साथ मिलता दिखाई दे रहा है. क्योंकि प्रेम कुमार धूमल लगभग मुख्यमंत्री के रेस से बाहर हो गए है.
जानकारी के मुताबिक हिमाचल में पर्यवेक्षक बनाई गईं केंद्रीय रक्षामंत्री निर्मला सीतारमन और नरेंद्र तोमर ने गुरुवार को सभी नवनिर्वाचित विधायकों से बात की.
सूत्रों के अनुसार जेपी नड्डा और प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हैं और पार्टी ने हारे हुए नेता की बजाय किसी विधायक को ही सीएम बनाने का निर्णय लिया है.
वहीं, शुक्रवार को गुजरात के नए सीएम के चुनाव को लेकर अहमदाबाद में वित्तमंत्री अरुण जेटली बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे. माना जा रहा है कि शुक्रवार को गुजरात के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है.
गुजरात में बीजेपी की नई सरकार 25 दिसंबर को शपथ ग्रहण कर सकती है. गुजरात में कम अंतर से मिली जीत के बाद पार्टी अबकि बार मुख्यमंत्री को बदलने पर विचार किया जा सकता है.
आप को बता दे कि सूत्रों ने बताया कि गुजरात के नए मुख्यमंत्री का शपथ-ग्रहण 25 दिसंबर को हो सकता है, क्योंकि इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है. साल 2012 के चुनावों में मिली जीत के बाद नरेंद्र मोदी ने चौथी बार 25 दिसंबर को ही शपथ ग्रहण किया था.
जानकारी के मुताबिक पाटीदार आंदोलन के बाद से नाराज पटेलों को शांत करने के लिए बीजेपी नितिन पटेल को सीएम बनाने का ऐलान कर सकती है.
वह इस चुनाव में भी मेहसाणा से जीतकर आए हैं जो पाटीदार आंदोलन का केंद्र रहा है. बीजेपी से 30 सालों से जुड़े हुए हैं और पार्टी में पाटीदार समुदाय के प्रमुख चेहरा हैं. इसके साथ सरकार में वह कई पदों पर काम कर चुके हैं.